आदिम गूंज १६

टिड्डियों सा दल बांधे लौटेंगे वे...

जिंदगी भर रेंग घिसट कर
कीड़े मकौड़ौं सा जीवन जिया
हर किसी के पैरों के तले
रौंदे जाने के बावजूद
हर बार तेज आंधियों में
सिर उठाने की हिमाकत की
और समय के तेज प्रवाह के खिलाफ़
स्थिर खड़े रहने की मूर्खता (जुर्रत) की
और जीवन की टेढ़ी मेढ़ी
उबड़ खाबड़ पगडंडियो पर
रखते रहे/ राह में पड़े
कंकड़ और कांटो से घायल
अपने थके हारे/ लहुलुहान कदम
और सतह पर बने रहने के संघर्ष में
बुरी तरह से घायल/क्षत विक्षत
आत्मा के घाव रूपी हलाहल को
अमृ्त और आशीष मान
जीवन भर चुपचाप पिया
तो क्या व्यर्थ जीवन जिया
...

अंधी गलियों के बंद मोड़ों पर
क्या व्यर्थ ही अपना सिर फ़ोड़ा
कि दीवारों में छुपे बंद दरवाजे
खुल जाए हरेक के लिए
न कि हो चंद लोगों का कब्जा
उन चोर दरवाजों के मकड़जाल पर
जिनका सर्वाधिकार सर्वथा सुरक्षित
उनकी आगामी अनगिन पीढ़ियों के लिए
और सेंधमारी में सिद्धहस्त
कायर चापलूसों और चाटुकारों का
लालची हुजुम
चोर दरवाजों की फ़ांको और छेदों से
झलकते जगमग संसार की चमक से चौंधियाकर
अपने आकाओं के नक्शेकदमों पर चलते हुए
दूसरो को रौंदकर और कुचलते हुए
आगे बढ़ने में जिन लोगों को
कभी भी न रहा कोई गुरेज
और नहीं कोई भी परहेज
और अपने तथाकथित
आदर्श और संस्कारों के
ढकोसलों को
अपने हाथों की तलवार और
तीरों की नोक बना
छलनी करता रहा
आस पास मंडराती भीड़ की
देह प्राण आत्मा तक को
जिन्होंने भी की हिमाकत
चुनौती बनने की
उनके विश्व विजय के
संकल्प की धज्जियां उड़ाने की
...

बढ़ता रहा बेखौफ़ और बेरोकटोक
उनका हुजूम
विलासितापूर्ण समृद्धि के
जगमग राजपथ पर
गर्व से गर्दन अकड़ाए
अपनी तथाकथित
बमुश्किल मिली उपलब्धियों पर
किसी गैस भरे गुब्बारे सा फ़ूला हुआ
हवा के झौंको के साथ साथ
जहां तहां उड़ते लहराते
...

टिड्डियों सा दल बांधे लौटेंगे वे
और तहस नहस कर देंगे
समृद्धि के राजमार्ग की
हर चमक दमक को
दीमक बन खोखला कर देंगे
चोर दरवाजों के मकड़जाल के
बदौलत बने हर इमारत की नींव
...

कीड़े मकौड़ौं सा
अब नहीं रौंदे जाएंगे वे
किसी भी ऐरे गैरों के बूट तले
रेंगना घिसटना छोड़
अब वे उड़ेंगे मुक्त आकाशों में
और दौड़ेंगे वे हिरण सदृश
जीवन की जंगली पगडंडियो पर
...

चोर दरवाजों के मकड़जाल को
हर तरफ़ से काट चीर कर
आंखे नोच लेंगे वे
बेनकाब कर उन पांखडी रहनुमाओं की
जिन्हें बलि देते रहे वे
अपने बहुमूल्य जीवन को कौड़ियों सा
...
...

-उज्जवला ज्योति तिग्गा-

आदिम गूंज १५

अंधेरों का गीत

मूक बांसुरी गाती है
मन ही मन
अंधेरों के गीत
मूक बांसुरी में बसता है
सोई हुई उम्मीदों
और खोए हुए सपनों का
भुतहा संगीत
देखती है मूक बांसुरी भी
सपने, घने अंधेरे जंगल में
रोशनी की झमझम बारिश का
मूक बांसुरी में कैद है
अंधेरे का अन्सुना संगीत
.....

-उज्जवला ज्योति तिग्गा-

आदिम गूंज १४

अंधेरी दुनिया

हमारे हिस्से का उजाला
न जाने कहां खो गया
कि आज भी मयस्सर नहीं
हमें कतरा भर भी आसमां
जिंदगी जूठन और उतरन
के सिवा कुछ भी नहीं
चेहरे पर अपमान और लांछन
की चादर लपेट
भटकते हैं रोज ही
जिंदगी की गलियों में
आवारा कुत्तों और
भिखारियों की तरह
...

औरो के दुख है बहुत बड़े
और हमारे दुख हैं बौने
तभी तो हथिया ली है
सबने ये पूरी दुनिया
जबकि हम जैसों को
नहीं मयस्सर जरा सा एक कोना
..

दुख और गरीबी
जिनके लिए हैं
महज लफ़्फ़ाजी या बयानबाजी
..


सो अपने अनझरे आंसू समेटे
हंसते गाते है सबके लिए
खुजैले कुत्ते सा
बार बार दुरदुराए जाने के बावजूद
फ़िर फ़िर लौटते हैं
नारकीय अंधकूपों में
ताकि अंधी सुरंग से ढके दिन रात में
कर सके नन्हा सा छेद
कि मिल सके
जरा सी हवा
जरा सा आसमान
हमारे बच्चों के बच्चों को भी
...
...

-उज्जवला ज्योति तिग्गा-

आदिम गूंज १३

परिवर्तन का काफ़िला

२.

कभी गुजर जाता है
बेहद तीव्र गति से
सब कुछ को रौंदता हुआ
तो कभी गुजर जाता है
बड़ी ही खामोशी से
कि उसका अहसास भी
हो पाता है
अरसा बीतने पर
उसके आने की उम्मीद में
लोग रहते है
पलकें बिछाए
दुआओं की चादर फ़ैलाए
तो कुछ रहते हैं तैयार
उसका रास्ता रोकने
डंडा गाली और गोली का
बदोबस्त किए
...
...

३.


जब उम्मीदें तोड़ देती है दम
बीच राह में...
एक नया सफ़र
फ़िर आरंभ होता है
उस बिंदु से
उससे पार जाने के
जद्दोजहद और कशमकश के मध्य
सब कुछ चलता है से हटकर
सब कुछ को बदलना है
के मुकाम तक का सफ़र
अंजान और अकेला ही सही
पर धूल का गुबार के
छंटने के बाद
भीड़ के तितर बितर होने के बाद
बचे खुचे लोगों का हूजूम
बांधेगा ढे्र सारे पुल
उन खाईयों और गर्तों के
मुहानों पर
जिनके मायाजाल में फ़ंसकर
उलझ/ बिखर जाता है सफ़र और
लोगों का उत्साह और जूनून
...
...


-उज्जवला ज्योति तिग्गा-

आदिम गूंज १२

१.

लुकस टेटे की स्मृति में


हम जैसों का तो
जन्म ही हुआ है
यूं ही मर खप जाने को
गुमनामी में जीने
और गुमनामी में
मर जाने को
...

हमारे परिवार/कुनबे
या समाज का विलाप
और दुख
टसुवे बहाती आंखों का
दोष मात्र
जिसे झिड़का
अनदेखा किया जा सकता है
हर बार
...

दूसरे के आंसू का
एक एक कतरा भी
पिघला सकता है
देश भर का दिल
पर
हमारे आंसुओं का
सैलाब भी
कम पड़ जाता है
असर दिखा पाने में
बुरी तरह से नाकामयाब
...

आंसू आंसू के फ़र्क
के भेद को बूझें कि अपने पहाड़ से
जीवन के दुख से जूझें
हमारे लोग
पर फ़िर भी
रहते हैं वे
शांत अविचलित और अडिग
किसी पहाड़ सा
अपनी उजड़ी बिखरती
जिंदगियों मे भी
मगन और मस्त
सब कुछ को भुलाकर
...

सोचते थे कि
दुख तो होता है
सबका एक जैसा
क्या जानते थे कि
बौने और कीड़े मकौड़े
समझे जाते हैं
हम जैसे लोग
गुलीवरों के देश में
जिनका कुचला
मसले जाना
रोजमर्रा की है बात
नहीं मचती कोई
चीख पुकार
या हलचल
किसी भी बा्र
ऐसी छोटी मोटी
बातों पर
हमारे दर्द के गुबार से
लदा कारवां
गुजरता है रोज ही
दुनिया के बाजार से
किसी मूक परछाई के
अंतहीन सिलसिले सा
सदियों से
अनदेखा अनसुना और अकेला


...
...


२.

कहां हो तुम...रानी मिंज...


कहां हो तुम
रानी मिंज
मेरी बच्ची
और तुम सी
ढेरों बच्चियां
अपनी मासूम
आंखो से
आसमान को नापने वाली
पैरों से धरती को
जानने वाली
अपनी भोली मुस्कान से
दुनिया को जगमगाने वाली
...

कौन आदमखोर तेंदुवा
या अलसाता मगरमच्छ
या फ़िर कोई रंगा सियार
तुम्हें अपना शिकार
बना गया
तुम्हारे मां बाबा के जीवनों में
हमेशा के लिए
अंधेरा घोल गया
उनके
टूटे फ़ूटे गीतों के
बोल तक पी गया
उनके दारूण दुख में
उपहास का जहर
उंडेल गया
कौन था वो
कौन है वो
अनाम आदमखोर
जो मेरी बच्चियों
तुम्हें जीते जी
निगल गया
इतने सारे
लोगों के रहते


...
...
(अखबारों में गुमशुदा इश्तिहार पढ़ने के बाद... महानगरों की भीड़ में खो जाने वाली हमारी

अनाम बच्चियों के नाम)

-उज्जवला ज्योति तिग्गा-

आदिम गूंज ११




जंगल गाथा

१.

जंगलों के जो राजा थे कभी
भालू शेर और हाथी
वे जंगल से निकलते ही
चांदी के सिक्कों की
झंकार में खो गए
चंद सिक्कों के मोल में
गदहों घोड़ों सा तुल गए
गर सिर उठाकर
जीना भी चाहा जो कभी
तो चांदी के चमचमाते हुए
जूतों से पिट गए
उन्हें बेहोश और अधमरा मान
सियार और गिद्ध भी
उन्हें नोच खाने को पिल पड़े
और आस पास से गुजरते हुई
तमाशबीनों का हुजूम
यूं ही बेवजह भीड़ सा
उनके चारों ओर जुट गई
उन भालू शेर और हाथी के किस्सों को
महज कोई मिथक मान
बाकी लोग भी
बड़ी सहजता से भूल गए
...
उनके वंशज आज भी
राह तकते उनकी/जो
ले जाए गए थे
बंधुवाई में जबरन
जाने कौन से ऋण के एवज
परदेश में मनबहलाव खातिर
...
...

२.

जैसे जंगल में
आजाद घूमते
किसी दुर्लभ जानवर को
शहर ला के
पिंजरे मे
कैद कर लेना
....
जहां रोज
तिल तिल कर जीना
अपमान और तिरस्कार
की खुराक पर
जीवन भर पलना
....
और लोगों की
फ़रमाईश पर
ना चाहते हुए भी
खेल तमाशे दिखाना
....
....

-उज्जवला ज्योति तिग्गा-

आदिम गूंज १०

परिवर्तन का काफ़िला

आंधी झंझावात से जूझते
बदबूदार काई और कीचड़ के
असंख्य अंधेरे
नारकीय गलियारों भरे
गुफ़ाओं से गुजरकर
आगे बढ़ता है
परिवर्तन का काफ़िला
चुनौतियों के टेढ़े-मेढ़े
ऊंचे नीचे रास्तों
और संकरे डगर पर
अपने नए प्रतिमानों की
ध्वजा फ़हराते
नए-नए धारदार
और पैने हथियारों से लैस
कि सामना कर सके
बेखौफ़/बेखटके
रास्ते में अपने विरूद्ध
नजर आने वाले
सभी अवरोध
विरोध और गतिरोध का
उनका हौसला
इस बार तो
आंधी के थपेड़ों से भी
चुकता नही
चोटियों से गिरने पर भी
टूटता नहीं
........
........


-उज्जवला ज्योति तिग्गा-