आदिम गूंज लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं
आदिम गूंज लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं

आदिम गूंज ३१

 
हमारे अविरल बहते आंसू...
 
 
हमारे अविरल बहते आंसू
बनकर टिमटिमाएंगे
घने जंगलों में
जुगनुओं की कतार बनकर
हमारे पसीने की एक एक बूंद
जगमगाएगी नभ में सदा
आकाशगंगा बनकर
हमारे पुरखों के गीत
गूजेंगे घने जंगलों के
हर कोने में
कोई जादुई तान बनकर
और लहराएंगे हमारी मनभित्तियों पर
कोई अबूझ स्वप्नलहरी बनकर
हमारा अस्फ़ुट विलाप
गूंजेगा समूचे संसार में
मांदल की ताल पर थिरकती
कोई अनसुनी संगीतलहरी बनकर
हम जिएंगे साथ-साथ
इस नारकीय अंधकूप में
एक दूसरे का हाथ थामे
अपने सपनों और अपनों के लिए
रोशनी का जंगल बनकर
हमारे दर्द से बोझल
दबे कुचले अस्फ़ुट शब्द
लौटेंगे किसी दिन दुनिया में
बवंडर और तड़ित की
भयंकर गुंजार बनकर
...
...
-उज्जवला ज्योति तिग्गा-

आदिम गूंज ३०


काला इंद्रधनुष

बेसमझ/ बेखबर 
लड़ रहे बार-बार
अपने अपने घरो में 
बाजारो में/गलियो में 
लड़ रहे आपस में
...

बेसमझ/ बेखबर 
छोटी- छोटी बातों पर
छोटे बड़े झगड़े हैं
तू-तू है मैं-मैं है
रोज ही नए झगड़ें हैं
दंगे हैं
लूट हैं
कही मार-काट है
कितने ही वारदात हैं
घटते हैं रोज ही
कभी यहां/ कभी वहां
...

डोर बंधी कठ्पुतली से 
उलझते है बार-बार
उन्हीं तानो- बानों में
उन्हीं आश्वासनों में
उन्हीं -उन्हीं बहानों में
उन्हीं कैदखानों में
डोर बंधी कठ्पुतली से
बेसमझ/ बेखबर 
...

डोर जिनके पास है
बैठे हैं चुपचाप 
देखते है तमाशा
पड़ता है उल्टा या सीधा
अभी जो फ़ैंका था पासा
देखते हैं तमाशा
डोर जिनके पास है
बैठे हैं चुपचाप
... 

गुपचुप-गुपचुप
बुनते नए-नए जाल 
रचते नए इद्रधनुष
एक जाल टूटे तो 
दूसरा जाल हाजिर है
दूसरा जो टूटे तो 
तीसरा जाल हाजिर है 
जितने भी चाहें वे
उतने जाल हाजिर हैं
भेद न खुल जाए कहीं
चाल न समझ जाएं कहीं
ढीली पड़े न पकड़ कहीं
टूट न जाए डोर कहीं
गुपचुप-गुपचुप
बुनते नए-नए जाल 
...
...

-उज्जवला ज्योति तिग्गा-

आदिम गूंज २९

 

काला इंद्रधनुष
 
अभी/ आपके लिए/ वे
महज
साधन हैं/ पुर्जे हैं
टट्टू हैं/ पिठ्ठू हैं
उन्हें सिखाकर/ पटाकार/
बहलाकर/ फ़ुसलाकर
कुछ भी करते रहिए
कुछ भी करवाते रहिए
........
 
वे महज भेड़ें हैं
जिधर चाहे हांक लीजिए
महज गऊएं हैं वे अभी
चाहे जहां चरा आइए
पर/ जब वे आंख खोलेंगे
जबान खोलेंगे/ हाथों से तौलेंगे
आपकी हर बात ....
आपकी हर घात ....
आपकी हर चाल ....
तब ........
तब क्या करेंगे आप !?
...
...

-उज्जवला ज्योति तिग्गा-


आदिम गूंज २८





नन्ही सी घास का सच...
रात दिन
कुचले और रौंदे
जाने से
थकित निढाल
नन्ही सी घास के सिर पर
कौन फ़ेरता है हाथ प्यार से
और फ़ुसफ़ुसाता है उसके कानो में
उगो बढ़ो और फ़ैल जाओ हर ओर
बिन मांगे दो हर किसी को
अपने मृदुल शीतल स्पर्श का उपहार
और लोगो के सूने अंतर में
बस जाओ बनकर
बंजर वक्तों में
अंधेरे समयों में
बदलते हुए समय का
समय के फ़लते रहने का
झिलमिलाते समयों का
सपना बनकर
भले ही न हो किसी को भी
चिंता तुम्हारी
ओ नन्ही घास
तुम तो बस
आगे बढ़ो
और ढक दो
सूखी पपड़ियाई धरती के
अंदर सुलगते जख्मों को
अपने कोमल आंचल से
और अपने रक्त-प्राण से सींचो
मिलकर धरती का पथराया दिल
और बस जमी रहो/ खड़ी रहो
डटी रहो अपनी अपनी जगह पर
सब कुछ के बावजूद
सूख जाने और मुर्झा जाने तक
न करो इंतजार
समय के बदलने का
या समय को बदलने का
कभी कभी जरूरी है
तेज हवा के खिलाफ़
सिर्फ़ खड़े रहने की
कोशिश भर करना
और बार बार गिरने से भी
न घबराना या हताश होना
क्योंकि
पराजयों की नींव पर ही तो
टिकता है देर तक
कोई भी विजयस्तंभ
तूफ़ान भी
चुपके से आकर
खिसका देता है जमीन
अच्छे भले दिग्गजों की
चटा देता है धूल
महाबलियों बाहुबलियों को
पर बाल भी बांका
नहीं कर पाता है
घास की अनगिन कतारों का
जो जुड़ी रहती है हमेशा
अपनी जमीन और जड़ से
सो व्यर्थता हीनता के
भंवरजाल में उलझे बिना
ओ नन्ही सी घास/ तुम
अपमान पीड़ा और हताशाओं के पार
जाकर सिर्फ़ उगो बढ़ो
और फ़ैल जाओ हर ओर
...
...
-उज्जवला ज्योति तिग्गा-

आदिम गूंज २७




स्वप्नजीवियों का संसार...
शायद होता है
कमल के पास
धीरज और धैर्य
और साहस का/कोई
अक्षय भंडार
जिसके बूते
दे सके चुनौती वो
अपने आस-पास फ़ैले
काई और कीच के
दुर्गंधमय साम्राज्य को
जो तुला है सब कुछ पर
अपना आधिपत्य
अपना स्वामित्व जमाने को
सब-कुछ को
स्वयं का प्रतिबिंब
बन जीने को विवश कर
...
उससे जूझने या
उसे चुनौती देने की
शेखचिल्लीपूर्ण मूर्खता
या पागलपन पालना
किसके बस में होता है
सो सहर्ष स्वीकार करते है
उसका आधिपत्य/और
स्वामित्व अपने-अपने
जीवनों में
और प्रतिबिंब बन जीने को
एकमात्र विकल्प जान
दुनियादारी और समझदारी की
आड़ में यथास्थितिवादी संसार की
सत्ता को स्वीकारते
हर परिवर्तन के सपने को
भ्रम या भ्रांति मान
आकाशकुसुमीय स्वप्न जान
जीते हैं सब
 ...
उन गहराती कालिमायुक्त
परछाईयों का मकड़जाल
मलिन या धूमिल
नहीं कर पाता है
कमल के अंतस के
रूप-रंग को
उसका अप्रतिम सौन्दर्य
बरबस आकृष्ट करता है सबको
अपनी ओर
जो अचंभित हो
ताकते भर है उसको
जो जुटी है अपने
दल-बल के साथ
उस दुर्गंधमय
कीचयुक्त काईमय के
दमघोंटू परिवेश में भी
किसी तरह सांस ले
सब कुछ को भुला/प्रयास
एक नई सृष्टि रचने का
अपने अदम्य साहस से
अपनी दुनिया को बदलने का
असीम धैर्य और धीरज के साथ
परिवर्तन के लिए जूझने का
अपने अथक परिश्रम से
असंभव को संभव कर देने का
पर/ महज प्रतिबिंब बनकर
जीने के एकमात्र विकल्प की
धज्जियां बिखेर/उस
दमघोंटू साम्राज्य के चंगुल से
बाहर निकल, खुली हवा में
सांस लेना और एक सुगंधित
स्वर्ग रच देना अपने चारों ओर
...
पर लोग कहां जान पाते हैं
उसकी कहानी
उसके सुख-दुख का लेखा जोखा
कौन रखता है
जिसे तय करना पड़ता है
संघर्षमय सफ़र हर पल
एक सांस से
दूसरी सांस तक का
असहनीय सफ़र
...
उसकी घुटती-थमती सासों में
बसा है सपनों का
अक्षय भंडार
जो उन डूबती-थमती
सांसों की कमजोर/शिथिल
बुझ जाने को विवश
लड़खड़ाती-फ़ड़फ़ड़ाती
दीपशिखाओं में भी
फ़ूंक देता है
प्राणदायिनी उर्जा
...
कि आने वाली
सहमी सशंकित
कमल की कलियां भी
समय आने पर
किसी तरह हिम्मत बटोर
बढ़ पाएं उस असंभव सफ़र पर
और साकार कर पाएं
जिंदगी के हर उस स्वप्न को
जिनमें बसती-जीती है जिंदगी
...
कमल को देख
सिर्फ़ निहारकर
उसका सौन्दर्य
चकित अचंभित
भर होते हैं हम
पर/उस सा जीवन
महज मिथक भर है
सब के लिए
कोई आकाशकुसुमीय स्वप्न
यथार्थ के धरातल पर
ऐसे सुकुमार स्वप्न
भला कब तक
बच पाते हैं
चकनाचूर होने से
पर क्या उस
स्वप्न को जी पाना
इतना असंभव है क्या?!
...
जोखिमभरे रास्तों पर
चलकर ही तो
मिलती है
स्वप्निल संसार को
खोलने-खोजने की कुंजी
संकेतमाला और मानचित्र
और मिलता है उन
स्वप्नजीवियों और स्वप्नदर्शियों का पता
जो उस दुर्गम सफ़र पर
जा चुके या जाने को
आतुर व्याकुल हैं
ताकि ला पाएं
किसी तरह बटोर कर
परिवर्तन की बयार
जो आती है किसी
दूसरे लोक से/अपने
इस रूके-थमे
गतिहीन गतिरोध से भरे
मृतप्राय संसार में/जिसे
जिला दे अपनी असीम ऊर्जा से
ताकि पाएं हम सब/एक
फ़लवन्त और जयवन्त जीवन!!
...
...
-उज्जवला ज्योति तिग्गा-

आदिम गूंज २६

सच का अज्ञातवास
 
पूरी सजधज और
गाजे बाजे के साथ
मिलता है झूठ
किसी अंजान मोड़ पर
...
और खुद को बचाने की
तमाम तरकीबों के साथ
बेचारा सच
झूठ के झिलमिलाते
गलियारे में
छिपता फ़िरता है
अपने भी साए से
...
बात बेबात पिटता है
जब तब
झूठ के बेशुमार
अनदेखे हाथों से
सिटपिटाया पगलाया
घबराया सच
घूमता है
अपनी ही परछाईयों के इर्द गिर्द
...
उसके पहचान वाले
भी तो फ़ेर लेते हैं चेहरे
वक्त पड़ने पर
और खामोशी के भंवर में
खो जाती है सच की
मूक बांसुरी सी आवाज!
...
झूठ के तेज और तीखे तेवरों से
डरा सहमा सच
खुद को बचाने की खातिर
झूठ की बनाई हुई
भूलभुलैयांदार दुनिया में
जीता है सच
अपनी सांसों की
आहटों तक को रोक कर
...
ताकि झूठ रहे अनजान
सच के छिपने की जगह से
और छापामारी/ सेंधमारी करके
जुटाए सबूत
सच अपने वजूद का!
...
...
-उज्जवला ज्योति तिग्गा-
 

आदिम गूंज २५



धरती के अनाम योद्धा

इतना तो तय है/कि
सब कुछ के बावजूद
हम जियेंगे जगली घास बनकर
पनपेंगे/खिलेंगे जंगली फ़ूलों सा
हर कहीं/सब ओर
मुर्झाने/सूख जाने/रौंदे जाने
कुचले जाने/मसले जाने पर भी
बार-बार,मचलती है कहीं
खिलते रहने और पनपने की
कोई जिद्दी सी धुन
मन की अंधेरी गहरी
गुफ़ाओं/कन्दराओं मे
बिछे रहेंगे/डटे रहेंगे
धरती के सीने पर
हरियाली की चादर बन
डटे रहेंगे सीमान्तों पर/युद्धभूमि पर
धरती के अनाम योद्धा बन
हम सभी समय के अंतिम छोर तक...

-उज्जवला ज्योति तिग्गा-

धरती के सभी अनाम योद्धाओं के नाम
विश्व आदिवासी दिवस की आप सबको हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं!!!...

आदिम गूंज २४




शायद बेहद खतरनाक जुर्म है...

शायद बेहद खतरनाक जुर्म है
यहां पर सांस लेना
सांस लेने की हिमाकत करना
और एक-एक सांस के लिए
करना जद्दोजहद
...

जब उस रूंधी और घुटी हुई सांस की ध्वनि
भी न जाने क्यों सुनाई देती है
किसी विस्फ़ोट की तरह
शायद इसीलिए उसे दबाने की हरचंद कोशिश में
जूझते हैं लोग
तरह तरह की साजिश/षडयंत्र रच
...

बिना सोचे/समझे कि
अवरूध सांसो की तेज रफ़्तार
अक्सर किसी तूफ़ान की पूर्वसूचना होती है
...
...

-उज्जवला ज्योति तिग्गा-

आदिम गूंज २३



बांस की नन्ही सी टहनी....

जड़ों का
सघन जाल
रच देता है
एक अदभुत दुनिया
जमीन के अंदर
काफ़ी गहरे तक
कोमल तंतुओं का जाल
कि बांस की नन्ही सी टहनी
सब कुछ भुलाकर
खेलती रहती है आंखमिचौली
उन जड़ों के
अनगिन तंतुओं के
सूक्ष्म सिरों की भूलभूलैया में छिपकर
उस अंधेरी दुनिया में बरसो तक
बगैर इस बात की चिंता किए
कि क्या यही है लक्ष्य
उसके जीवन का
क्योंकि जीवन तो
जी्ना भर है
हर हाल में
...

यह बात वो बांस की टहनी
जानती है शुरू से ही
इसलिए रहती है निश्चिंत
कि तयशुदा वक्त के बाद
उसका भी समय बदलेगा
कि रखेगी वो भी कदम
रोशनी की दुनिया में किसी दिन
और अपने लचीलेपन पर मजबूत
इरादों से रचेगी एक
अद्भुत दुनिया
वो कमजोर नाजुक मुलायम सी टहनी
...
उसे अक्सर सुन पड़ता है
अजीब सी सरसराहट और सुगबुगाहट
अपने आस पास की दुनिया में
जो हंसती खिलखिलाती
बढ़ती जा रही है
अंधेरों से रोशनी की ओर
उस नयी दुनिया के
कितने ही सपने संजोए
वहां पहुंचने की जल्दी में
एक दूसरे से
धक्कामुक्की करती
लड़ती झगड़ती
जिसका सपना
न जाने कबसे
घुमड़ रहा है उनके
चेतना के फ़ेनिल प्रवाह में
...
पर छोटे से झुरमुट
की खामोश दुनिया में
बांस की टहनी
रहती है अपनी जड़ों के करीब
अपनी दुनिया की सच्चाईयों से सराबोर
कि टिकी रहे
हर चुनौती के सामने
अपने मजबूत इरादों के साथ
वो कमजोर मुलायम सी टहनी
...
...

-उज्जवला ज्योति तिग्गा-

आदिम गूंज २०

पानी का बुलबुला...

मेरे आंसू हैं महज 
पानी का बुलबुला
और मेरा दर्द 
सिर्फ़ मेरा दिमागी फ़ितूर
उनके तमाम कोशिशों के बावजूद
मेरे बचे रहने की जिद्द के सामने
धाराशायी हो जाते हैं
उनके तमाम नुस्खे और मंसूबे
अपने उन्हीं हत्यारों की खुशी के लिए
रोज हंसती हूं गाती हूं मैं
जिन्हें सख्त ऐतराज है
मेरे वजूद तक से
उन्हीं की सलामती की दुआ
रोज मांगती हूं मैं
अजनबी होते देश में
रहने की कीमत
रोज अपना सिर कटा कर
चुकाती हूं मैं.

...
...
-उज्जवला ज्योति तिग्गा-

आदिम गूंज १९

उजाले से...

अक्सर सुना है लोगो को शिकायत करते
उजाले से भला क्या मिला हमें आजतक
उजाले ने तो आकर हमारे सामने
कर दी कितनी ही परेशानियां खड़ी
भला किसे जरूरत है उजाले की अब
जब अंधेरों से ही काम चल जाता है अब
और फ़िर अब तो
आदत सी हो गई है अंधेरों की
सीख लिया है अब तो उजाले के बिन जीना

...

उजाला तो महज भटकाता है
जाने किन उलजलूल सवालों में उलझाता है
अब भला कौन उसके बहकावे में आए
अपनी हरी भरी जिंदगियों में
बबूल और ऊंटकटारे बोए
और लहूलुहान पैरों से
बाकियों की तरह जिंदगी की दौड़ दौड़े

...

जब से अंधेरों में सिमट आई है मंजिले
उनके भी पहुंच के भीतर
जब औरों की तरह
उठाकर फ़ायदा अंधेरों का
उन्होंने भी खोज ली है
काफ़ी मशक्कत के बाद
सुरंगो भरी वो चोर गली
और खोद ली है अपने घरों तक
कई नई सुरंगो का मकड़जाल
चोरी छिपे उस चोर गली तक
जिसके मुहाने पर है मौजूद
बेलगाम समृद्धि का अकूत खजाना
जिसपर था कब्जा अब तक
चंद चुने हुए लोगो और घरानो का
अब वे भी तो हो गए हैं हिस्सेदार
उन चमकीले चटकीले सपनो का
और हाथ बढाकर छू कैद कर सकते हैं उन्हें
अपनी रूखी खुरदुरी हथेलियों में
अपने ही बूते अपनी बुद्धि बल कौशल से

...

अंधेरों की चाहत में
छलबल और झूठ प्रपंच से
हाथ मिलाकर
देशनिकाला दे दिया जबसे
गदहे पर बिठलाकर
सच्चाई ईमानदारी और मेलप्रेम जैसे
उज्जड गवारों को जिन्हें नहीं है तमीज
बदलते समयो के रंगरूप में/ खुद-ब-खुद
ढल जाने की
कितना चैन है हर तरफ़
कहीं कोई अप्रिय असहज तान की गूंज नहीं
जो कर दे रंग में भंग मस्ती भरे महफ़िल का

...

पर उजाले ने दबे पांव आकर
कर दिया है सब कुछ चौपट
और लेकर आया है वो साथ अपने
कीड़े मकौड़े सा रेंगते
अनगिनत दावेदारों का
एक अंतहीन हुजूम
जिन्होंने ठानी है
बरसो की भूख मिटाने की
सब कुछ को हजम कर जाने की
किसी छापेमार दस्ते सा
तहस नहस करने की
चोरी छिपे सेंध मारी के
उन तमाम बेहतरीन और नायाब मंसूबो का
ताकि हो पर्दाफ़ाश अंधेरों की करतूतों का
और साकार हो उजाले का सपना हर दिल हर घर में

...
...

-उज्जवला ज्योति तिग्गा-

आदिम गूंज १८

शिकारी दल अब आते हैं

शिकारी दल अब आते हैं
खरगोशों का रूप धरे
जंगलो में/ और
वहां रहने वाले
शेर भालू और हाथी को
अपनी सभाओं में बुलवाकर
उन्हें पटाकर
पट्टी पढ़ाकर
समझाया/ फ़ुसलाया
कि/ आखिर औरों की तरह
तरक्की उनका भी तो
जन्मसिद्ध अधिकार है/ कि
क्या वे किसी से कम है/ कि
दुनिया में भले न हो
किसी को भी उनका ख्याल/ पर
वे तो सदा से है रहनुमा
उन्हीं के शुभचिंतक और सलाहकार
लोग तो जलते हैं
कुछ भी कहेंगे ही/ पर
इस सब से डरकर भला
वे क्या अपना काम तक छोड़ देंगे
...

ये तो सेवा की सच्ची लगन ही
खींच लाई है उन्हें
इन दुर्गम बीहड़ जंगलों में
वर्ना कमी थी उन्हें
क्या काम धंधो की
...

विकास के नए माडल्स के रूप में
दिखाते हैं सब्जबाग
कि कैसे पुराने जर्जर जंगल
का भी हो सकता है कायाकल्प
कि एक कोने में पड़े
सुनसान उपेक्षित जंगल भी
बन सकते है
विश्व स्तरीय वन्य उद्यान
जहां पर होगी
विश्व स्तरीय सुविधाओं की टीमटाम
और रहेगी विदेशी पर्यटकों की रेल पेल
और कि/ कैसे घर बैठे खाएगी
शेर हाथी और भालू की
अनगिन पुश्तें
...

पर शर्त बस इतनी/ कि
छोड़ देना होगा उन्हें
जंगल में राज करने का मोह
और ढूंढ लेना होगा उन्हें
कोई नया ठौर या ठिकाना/ कि
नहीं हैं उनके पास
नए और उन्न्त कौशल का भंडार
जिनके बिना नहीं चल पाता/ आजकल
कोई भी कार्याव्यापार/ और
कंपनी के पालिसी के तहत
बंधे है उनके हाथ भी
मजबूर हैं वे भी/ कि
भला कैसे रख लें वे/ उन
उजड्ड गंवार और जाहिलों को
उन जगमग वन्य उद्यानों में
आखिर उन्हें भी तो
देना पड़ता है जवाब
अपने आकाओं को
...

पर फ़िर भी
अगर बहुत जिद करेंगे तो
चौकीदारों/ चपरासियों
और मजदूरों की नौकरियों पर
बहाल किया जा सकता है उन्हें
कई विशेष रियायतों
और छूट देने के बाद
पर अयोग्य साबित होने पर
छोड़ना होगा
अपने सारे विशेषाधिकारों का दावा !!!
...
...

-उज्जवला ज्योति तिग्गा-

आदिम गूंज १७



जंगल चीता बन लौटेगा

जंगल आखिर कब तक खामोश रहेगा
कब तक अपनी पीड़ा के आग में
झुलसते हुए भी
अपने बेबस आंसुओं से
हरियाली का स्वप्न सींचेगा
और अपने अंतस में बसे हुए
नन्हे से स्वर्ग में मगन रहेगा
....

पर जंगल के आंसू इस बार
व्यर्थ न बहेंगे
जंगल का दर्द अब
आग का दरिया बन फ़ूटेगा
और चैन की नींद सोने वालों पर
कहर बन टूटेगा
उसके आंसुओं की बाढ़
खदकती लावा बन जाएगी
और जहां लहराती थी हरियाली
वहां बयांवान बंजर नजर आएंगे
....

जंगल जो कि
एक खूबसूरत ख्वाब था हरियाली का
एक दिन किसी डरावने दु:स्वपन सा
रूप धरे लौटेगा
बरसों मिमियाता घिघियाता रहा है जंगल
एक दिन चीता बन लौटेगा
....

और बरसों के विलाप के बाद
गूंजेगी जंगल में फ़िर से
कोई नई मधुर मीठी तान
जो खींच लाएगी फ़िर से
जंगल के बाशिंदो को उस स्वर्ग से पनाहगाह में
........
........

-उज्जवला ज्योति तिग्गा-

आदिम गूंज १६

टिड्डियों सा दल बांधे लौटेंगे वे...

जिंदगी भर रेंग घिसट कर
कीड़े मकौड़ौं सा जीवन जिया
हर किसी के पैरों के तले
रौंदे जाने के बावजूद
हर बार तेज आंधियों में
सिर उठाने की हिमाकत की
और समय के तेज प्रवाह के खिलाफ़
स्थिर खड़े रहने की मूर्खता (जुर्रत) की
और जीवन की टेढ़ी मेढ़ी
उबड़ खाबड़ पगडंडियो पर
रखते रहे/ राह में पड़े
कंकड़ और कांटो से घायल
अपने थके हारे/ लहुलुहान कदम
और सतह पर बने रहने के संघर्ष में
बुरी तरह से घायल/क्षत विक्षत
आत्मा के घाव रूपी हलाहल को
अमृ्त और आशीष मान
जीवन भर चुपचाप पिया
तो क्या व्यर्थ जीवन जिया
...

अंधी गलियों के बंद मोड़ों पर
क्या व्यर्थ ही अपना सिर फ़ोड़ा
कि दीवारों में छुपे बंद दरवाजे
खुल जाए हरेक के लिए
न कि हो चंद लोगों का कब्जा
उन चोर दरवाजों के मकड़जाल पर
जिनका सर्वाधिकार सर्वथा सुरक्षित
उनकी आगामी अनगिन पीढ़ियों के लिए
और सेंधमारी में सिद्धहस्त
कायर चापलूसों और चाटुकारों का
लालची हुजुम
चोर दरवाजों की फ़ांको और छेदों से
झलकते जगमग संसार की चमक से चौंधियाकर
अपने आकाओं के नक्शेकदमों पर चलते हुए
दूसरो को रौंदकर और कुचलते हुए
आगे बढ़ने में जिन लोगों को
कभी भी न रहा कोई गुरेज
और नहीं कोई भी परहेज
और अपने तथाकथित
आदर्श और संस्कारों के
ढकोसलों को
अपने हाथों की तलवार और
तीरों की नोक बना
छलनी करता रहा
आस पास मंडराती भीड़ की
देह प्राण आत्मा तक को
जिन्होंने भी की हिमाकत
चुनौती बनने की
उनके विश्व विजय के
संकल्प की धज्जियां उड़ाने की
...

बढ़ता रहा बेखौफ़ और बेरोकटोक
उनका हुजूम
विलासितापूर्ण समृद्धि के
जगमग राजपथ पर
गर्व से गर्दन अकड़ाए
अपनी तथाकथित
बमुश्किल मिली उपलब्धियों पर
किसी गैस भरे गुब्बारे सा फ़ूला हुआ
हवा के झौंको के साथ साथ
जहां तहां उड़ते लहराते
...

टिड्डियों सा दल बांधे लौटेंगे वे
और तहस नहस कर देंगे
समृद्धि के राजमार्ग की
हर चमक दमक को
दीमक बन खोखला कर देंगे
चोर दरवाजों के मकड़जाल के
बदौलत बने हर इमारत की नींव
...

कीड़े मकौड़ौं सा
अब नहीं रौंदे जाएंगे वे
किसी भी ऐरे गैरों के बूट तले
रेंगना घिसटना छोड़
अब वे उड़ेंगे मुक्त आकाशों में
और दौड़ेंगे वे हिरण सदृश
जीवन की जंगली पगडंडियो पर
...

चोर दरवाजों के मकड़जाल को
हर तरफ़ से काट चीर कर
आंखे नोच लेंगे वे
बेनकाब कर उन पांखडी रहनुमाओं की
जिन्हें बलि देते रहे वे
अपने बहुमूल्य जीवन को कौड़ियों सा
...
...

-उज्जवला ज्योति तिग्गा-

आदिम गूंज १५

अंधेरों का गीत

मूक बांसुरी गाती है
मन ही मन
अंधेरों के गीत
मूक बांसुरी में बसता है
सोई हुई उम्मीदों
और खोए हुए सपनों का
भुतहा संगीत
देखती है मूक बांसुरी भी
सपने, घने अंधेरे जंगल में
रोशनी की झमझम बारिश का
मूक बांसुरी में कैद है
अंधेरे का अन्सुना संगीत
.....

-उज्जवला ज्योति तिग्गा-

आदिम गूंज १४

अंधेरी दुनिया

हमारे हिस्से का उजाला
न जाने कहां खो गया
कि आज भी मयस्सर नहीं
हमें कतरा भर भी आसमां
जिंदगी जूठन और उतरन
के सिवा कुछ भी नहीं
चेहरे पर अपमान और लांछन
की चादर लपेट
भटकते हैं रोज ही
जिंदगी की गलियों में
आवारा कुत्तों और
भिखारियों की तरह
...

औरो के दुख है बहुत बड़े
और हमारे दुख हैं बौने
तभी तो हथिया ली है
सबने ये पूरी दुनिया
जबकि हम जैसों को
नहीं मयस्सर जरा सा एक कोना
..

दुख और गरीबी
जिनके लिए हैं
महज लफ़्फ़ाजी या बयानबाजी
..


सो अपने अनझरे आंसू समेटे
हंसते गाते है सबके लिए
खुजैले कुत्ते सा
बार बार दुरदुराए जाने के बावजूद
फ़िर फ़िर लौटते हैं
नारकीय अंधकूपों में
ताकि अंधी सुरंग से ढके दिन रात में
कर सके नन्हा सा छेद
कि मिल सके
जरा सी हवा
जरा सा आसमान
हमारे बच्चों के बच्चों को भी
...
...

-उज्जवला ज्योति तिग्गा-

आदिम गूंज १३

परिवर्तन का काफ़िला

२.

कभी गुजर जाता है
बेहद तीव्र गति से
सब कुछ को रौंदता हुआ
तो कभी गुजर जाता है
बड़ी ही खामोशी से
कि उसका अहसास भी
हो पाता है
अरसा बीतने पर
उसके आने की उम्मीद में
लोग रहते है
पलकें बिछाए
दुआओं की चादर फ़ैलाए
तो कुछ रहते हैं तैयार
उसका रास्ता रोकने
डंडा गाली और गोली का
बदोबस्त किए
...
...

३.


जब उम्मीदें तोड़ देती है दम
बीच राह में...
एक नया सफ़र
फ़िर आरंभ होता है
उस बिंदु से
उससे पार जाने के
जद्दोजहद और कशमकश के मध्य
सब कुछ चलता है से हटकर
सब कुछ को बदलना है
के मुकाम तक का सफ़र
अंजान और अकेला ही सही
पर धूल का गुबार के
छंटने के बाद
भीड़ के तितर बितर होने के बाद
बचे खुचे लोगों का हूजूम
बांधेगा ढे्र सारे पुल
उन खाईयों और गर्तों के
मुहानों पर
जिनके मायाजाल में फ़ंसकर
उलझ/ बिखर जाता है सफ़र और
लोगों का उत्साह और जूनून
...
...


-उज्जवला ज्योति तिग्गा-

आदिम गूंज १२

१.

लुकस टेटे की स्मृति में


हम जैसों का तो
जन्म ही हुआ है
यूं ही मर खप जाने को
गुमनामी में जीने
और गुमनामी में
मर जाने को
...

हमारे परिवार/कुनबे
या समाज का विलाप
और दुख
टसुवे बहाती आंखों का
दोष मात्र
जिसे झिड़का
अनदेखा किया जा सकता है
हर बार
...

दूसरे के आंसू का
एक एक कतरा भी
पिघला सकता है
देश भर का दिल
पर
हमारे आंसुओं का
सैलाब भी
कम पड़ जाता है
असर दिखा पाने में
बुरी तरह से नाकामयाब
...

आंसू आंसू के फ़र्क
के भेद को बूझें कि अपने पहाड़ से
जीवन के दुख से जूझें
हमारे लोग
पर फ़िर भी
रहते हैं वे
शांत अविचलित और अडिग
किसी पहाड़ सा
अपनी उजड़ी बिखरती
जिंदगियों मे भी
मगन और मस्त
सब कुछ को भुलाकर
...

सोचते थे कि
दुख तो होता है
सबका एक जैसा
क्या जानते थे कि
बौने और कीड़े मकौड़े
समझे जाते हैं
हम जैसे लोग
गुलीवरों के देश में
जिनका कुचला
मसले जाना
रोजमर्रा की है बात
नहीं मचती कोई
चीख पुकार
या हलचल
किसी भी बा्र
ऐसी छोटी मोटी
बातों पर
हमारे दर्द के गुबार से
लदा कारवां
गुजरता है रोज ही
दुनिया के बाजार से
किसी मूक परछाई के
अंतहीन सिलसिले सा
सदियों से
अनदेखा अनसुना और अकेला


...
...


२.

कहां हो तुम...रानी मिंज...


कहां हो तुम
रानी मिंज
मेरी बच्ची
और तुम सी
ढेरों बच्चियां
अपनी मासूम
आंखो से
आसमान को नापने वाली
पैरों से धरती को
जानने वाली
अपनी भोली मुस्कान से
दुनिया को जगमगाने वाली
...

कौन आदमखोर तेंदुवा
या अलसाता मगरमच्छ
या फ़िर कोई रंगा सियार
तुम्हें अपना शिकार
बना गया
तुम्हारे मां बाबा के जीवनों में
हमेशा के लिए
अंधेरा घोल गया
उनके
टूटे फ़ूटे गीतों के
बोल तक पी गया
उनके दारूण दुख में
उपहास का जहर
उंडेल गया
कौन था वो
कौन है वो
अनाम आदमखोर
जो मेरी बच्चियों
तुम्हें जीते जी
निगल गया
इतने सारे
लोगों के रहते


...
...
(अखबारों में गुमशुदा इश्तिहार पढ़ने के बाद... महानगरों की भीड़ में खो जाने वाली हमारी

अनाम बच्चियों के नाम)

-उज्जवला ज्योति तिग्गा-

आदिम गूंज ११




जंगल गाथा

१.

जंगलों के जो राजा थे कभी
भालू शेर और हाथी
वे जंगल से निकलते ही
चांदी के सिक्कों की
झंकार में खो गए
चंद सिक्कों के मोल में
गदहों घोड़ों सा तुल गए
गर सिर उठाकर
जीना भी चाहा जो कभी
तो चांदी के चमचमाते हुए
जूतों से पिट गए
उन्हें बेहोश और अधमरा मान
सियार और गिद्ध भी
उन्हें नोच खाने को पिल पड़े
और आस पास से गुजरते हुई
तमाशबीनों का हुजूम
यूं ही बेवजह भीड़ सा
उनके चारों ओर जुट गई
उन भालू शेर और हाथी के किस्सों को
महज कोई मिथक मान
बाकी लोग भी
बड़ी सहजता से भूल गए
...
उनके वंशज आज भी
राह तकते उनकी/जो
ले जाए गए थे
बंधुवाई में जबरन
जाने कौन से ऋण के एवज
परदेश में मनबहलाव खातिर
...
...

२.

जैसे जंगल में
आजाद घूमते
किसी दुर्लभ जानवर को
शहर ला के
पिंजरे मे
कैद कर लेना
....
जहां रोज
तिल तिल कर जीना
अपमान और तिरस्कार
की खुराक पर
जीवन भर पलना
....
और लोगों की
फ़रमाईश पर
ना चाहते हुए भी
खेल तमाशे दिखाना
....
....

-उज्जवला ज्योति तिग्गा-

आदिम गूंज १०

परिवर्तन का काफ़िला

आंधी झंझावात से जूझते
बदबूदार काई और कीचड़ के
असंख्य अंधेरे
नारकीय गलियारों भरे
गुफ़ाओं से गुजरकर
आगे बढ़ता है
परिवर्तन का काफ़िला
चुनौतियों के टेढ़े-मेढ़े
ऊंचे नीचे रास्तों
और संकरे डगर पर
अपने नए प्रतिमानों की
ध्वजा फ़हराते
नए-नए धारदार
और पैने हथियारों से लैस
कि सामना कर सके
बेखौफ़/बेखटके
रास्ते में अपने विरूद्ध
नजर आने वाले
सभी अवरोध
विरोध और गतिरोध का
उनका हौसला
इस बार तो
आंधी के थपेड़ों से भी
चुकता नही
चोटियों से गिरने पर भी
टूटता नहीं
........
........


-उज्जवला ज्योति तिग्गा-